बिहार में तैनात IPS भानुप्रताप सिंह का पारिवारिक विवाद पहुंचा राजस्थान, पत्नी ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

द हिंद 24/भरतपुर: बिहार के खगड़िया में एसपी पद पर तैनात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी भानुप्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच जारी घरेलू कलह अब राजस्थान के भरतपुर स्थित मथुरा गेट थाने की देहरी तक आ पहुंचा है। आईपीएस की पत्नी पूजा ने थाने पहुंचकर अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

6 साल की बेटी को दूर करने का आरोप

पूजा का आरोप है कि उनके पति और ससुराल वाले मिलकर उनकी छह साल की मासूम बेटी को उनसे अलग करने की साजिश रच रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वे इस सिलसिले में बात करने अपने ससुराल पहुंचीं, तो वहां मौजूद ननद और परिवार के अन्य सदस्यों ने दरवाजा खोलने से साफ इनकार कर दिया। वहीं, आईपीएस भानुप्रताप सिंह के भी शहर छोड़कर चले जाने की बात सामने आई है।

थाने में ही जमी रहीं पत्नी, पुलिस ने बताया घरेलू मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की गई, तो मथुरा गेट थाना पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद करार दिया। पुलिस का कहना है कि यह पति-पत्नी और परिवार के बीच का निजी मामला है, इसलिए इसमें तत्काल कोई कड़ा पुलिसिया एक्शन नहीं लिया जा सकता। पुलिस के इस ढुलमूल रवैये के बाद पूजा न्याय की उम्मीद में देर रात तक मथुरा गेट थाने में ही बैठी रहीं।

मामले पर आईपीएस भानुप्रताप सिंह का पक्ष

इस पूरे घटनाक्रम पर आईपीएस भानुप्रताप सिंह का आधिकारिक पक्ष या प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है। पत्नी के ससुराल पहुंचने के दौरान उनका शहर में मौजूद न होना और परिजनों द्वारा दूरी बनाए रखने के कारण उनकी ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि पुलिस दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर कानूनी प्रक्रिया के तहत बात सुनने का प्रयास

करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *