अकलतरा (Thehind24)
तरौद में राइस मिल के पीछे बांधा खार में एक अज्ञात युवक का शव मिला। उसकी शिनाख्त शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के तुस्मा निवासी नंदकुमार साहू (23) पिता अर्जुन लाल के रूप में की गई। पुलिस ने पीएम पश्चात शव स्वजन को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार नौ अक्टूबर को नंदकुमार साहू अपने जीजा के घर दीपका जाने के लिए निकला था। मगर वह वहां नहीं पहुंचा तब घर के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। चूंकि युवक मोबाइल नहीं चलाता था। इसलिए उसके लोकेशन का पता नहीं चला। ऐसे में घर के लोगों ने थाने में उसके गुम होने की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू की, इसी दौरान 29 अक्टूबर को ग्राम तरौद के कोटवार रामदर्शन चौहान ने अकलतरा थाने में आकर सूचना दी कि राइस मिल के पीछे एक आठ 10 दिन पुराना शव पड़ा है। पुलिस ने जब आसपास के थानों में गुम इंसान की जानकारी ली तब उसकी पहचान तुस्मा निवासी नंदकुमार साहू के रूप में हुई। उसके परिवार के लोगों ने जूते व कपड़े तथा हाथ में पहने कड़ा के माध्यम से उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और पीएम पश्चात स्वजन को सौंप दिया। उसकी मौत कैसे हुई है। इसकी जानकारी पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मिल सकेगी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।