जुआ पकड़ने गई पुलिस पर लगे गंभीर आरोप पुलिस पार्टी पर हमला: जुआरियों ने महिलाओं के साथ मिलकर पीटा, ASI समेत 2 जवान घायल…..पढ़े पूरा मामला
बुदनी (सीहोर)। नसरुल्लागंज में ऑपरेशन प्रहार के तहत जुएं के फड़ पर छापामार कार्रवाई करने गई पुलिस पर जुआरियों ने महिलाओं के साथ मिलकर हमला बोल दिया। इस घटना में एक एएसआई समेत पुलिस के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो हुए हैं। जिनका इलाज नगर के सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पांच नामजद आरोपी और 7-8 अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस पर तोड़फोड़ करने का आरोप
इधर,हमला करने वालों ने पुलिस पर जबरन घर में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। हमला करने वालों ने कहा कि पुलिस जवानों ने जबरदस्ती घर में घुस कर पुरुषों और महिलाओं के साथ मारपीट की। घर में तोड़फोड़ भी की। मामला सर्वहारा कॉलोनी नसरुल्लागंज थाना क्षेत्र का है।
सफाई कर्मिचारियों ने दिया धरना
घटना के विरोध में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने धरना देकर मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। इससे नगर में सफाई व्यवस्था पर असर पड़ा है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।