परमाणु क्षमता से लैस पनडुब्बी INS अरिहंत से शुक्रवार को सबमरीन लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइल (SLBM) का सफल परीक्षण किया गया। परीक्षण बंगाल की खाड़ी से तय सीमा तक के लिए किया गया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, मिसाइल ने सभी पैरामीटर को पूरा करते हुए लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा। यह टेस्ट क्रू की योग्यता साबित करता है।
INS अरिहंत की खासियत
भारतीय नौसेना के लिए एटमी हथियारों से लैस INS अरिहंत सामरिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण है। यह समुद्र के किसी भी कोने से दुश्मन देश के किसी भी शहर पर हमला कर सकती है। इसके जरिए समुद्र, जमीन और हवा से परमाणु हमला किया जा सकता है। यह दुश्मन को चकमा दे सकती है, यानी इसकी मौजूदगी का आसानी से पता नहीं लगाया जा सकता।
यह परमाणु ऊर्जा से चलती है। इसमें और भी खूबियां हैं, ऐसे में यह लंबे समय तक गहरे पानी में रह सकती है। INS अरिहंत में 750 किमी और 3500 किमी क्षमता वाली मिसाइलें हैं। हालांकि इस मामले में भारत से आगे अमेरिका, रूस और चीन है, जिनके पास 5000 किलोमीटर से ज्यादा दूर तक मार करने वाली मिसाइलें हैं।