कांग्रेस ने महंगाई, जीएसटी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को सुबह से ही संसद से सड़क तक प्रदर्शन किया। सबसे पहले सोनिया गांधी ने कांग्रेसी सांसदों के साथ संसद में काले कपड़े पहनकर जमकर नारेबाजी की।
राहुल गांधी संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और हिरासत में ले लिया। इसके बाद प्रियंका गांधी अपने सांसदों के साथ पीएम आवास घेरने के लिए निकलीं, लेकिन यहां भी पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
शाह बोले- आज तो ED की पूछताछ भी नहीं थी, फिर विरोध क्यों
गृह मंत्री अमित शाह ने दिनभर चले प्रदर्शन पर शाम को बयान दिया। उन्होंने कहा- आज तो ED की पूछताछ भी नहीं थी फिर कांग्रेस ने प्रदर्शन क्यों किया। आज राम मंदिर की नींव पड़ी थी। कांग्रेस ने छिप तौर पर इसका विरोध किया। शाह ने काले कपड़ों में प्रदर्शन करने पर भी सवाल उठाया। कहा कि जिस दिन राम मंदिर का शिलापूजन हुआ, उसी दिन को विरोध प्रदर्शन के लिए क्यों चुना। कांग्रेस इस तरह से तुष्टिकरण की अपनी नीति को आगे बढ़ाया है।
कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर इलाके को छोड़ पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू लगाई गई। दिल्ली पुलिस ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सरकार हमें महंगाई के खिलाफ विरोध करने से रोकना चाहती है, इसलिए लगातार कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुलजी ने जो कहा आप समझ लें कि देश में क्या हालात हैं। किसी ने नहीं सोचा होगा कि देश में लोगों को लोकतंत्र समाप्त होते देखना होगा। देश में ED, इनकम टैक्स, CBI का आतंक है।
दिल्ली, पटना, मुंबई, भोपाल समेत देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
db news