सूने मकान से 3 लाख की चोरी:परिवार समेत ससुराल गए थे मैनेजर,पड़ोसी ने दी चोरी की सूचना; अब तक नहीं दर्ज हुआ केस
बिलासपुर3 घंटे पहले
बिलासपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब तीन लाख रुपए की चोरी की है। इसमें एक लाख 25 हजार कैश और जेवर शामिल हैं। टोयोटा कंपनी के बॉडी मैनेजर अपने चाचा ससुर के निधन होने पर घर में ताला बंद कर परिवार समेत अकलतरा गए थे। तभी मकान को सूनसान पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। रविवार की सुबह पड़ोसी ने उन्हें चोरी की सूचना दी, तब पुलिस मौका देखकर लौट आई। अब मैनेजर खुद आसपास CCTV फुटेज खंगालकर चोरों की जानकारी जुटा रहे हैं। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार मूलत: नोएडा के रहने वाले गणेश मानिकपुरी तिफरा के यदुनंदन नगर के सेक्टर डी में किराए के मकान में रहते हैं और टोयोटा कंपनी में बॉडी मैनेजर हैं। घर में उनकी पत्नी और बच्ची रहती हैं। अकलतरा में उनका ससुराल है। शुक्रवार को उनके चाचा ससुर की मौत हो गई। तब वे अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए परिवार सहित ससुराल गए थे। शनिवार की रात 2 बजे चोरों ने उनके सूने मकान में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार की सुबह उन्हें चोरी की खबर मिली, तब ससुराल से अपने घर पहुंचे।फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल देखने के बाद लौट गई।
साभार : Db news