
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव नगर निगम में मंगलवार को जमकर हंगामा और नारेबाजी हुई। बजट भाषण के दौरान भाजपा पार्षदों ने हंगामा कर दिया। बवाल इतना बढ़ गया कि कांग्रेस-भाजपा पार्षदों में मारपीट की नौबत आ गई। पार्षदों ने एक-दूसरे को धक्का देकर टेबल पर गिरा दिया और सदन के दरवाजे तक ले गए। इसके बाद किसी तरह बीच बचाव कर मामला शांत कराया गया। फिर महापौर हेमा देशमुख ने करीब 45.26 लाख रुपए घाटे का बजट पेश किया गया।
दरअसल, निगम सदन में 2021-22 के लिए कांग्रेस महापौर हेमा देशमुख बजट पेश कर रही थीं। इसी दौरान पिछली बार के अधूरे कामों को लेकर भाजपा पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद हंगामा बढ़ता चला गया। कांग्रेस और भाजपा पार्षद आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई पार्षद बैलेंस बिगड़ने से मेज पर ही गिर पड़े। कई को धक्का देते हुए सदन के बाहर निकालने का भी प्रयास किया गया।
हंगामे के चलते आधा घंटा स्थगित रहा सदन
इसके बाद हंगामा बढ़ता ही चला गया। मेयर ने कई बार सदस्य पार्षदों से शांत रहने की अपील की, लेकिन जब किसी ने नहीं सुना तो उन्होंने आधे घंटे के लिए सदन स्थगित कर दिया। इसके बाद भी काफी देर तक नारेबाजी होती रही कि सत्ता पक्ष की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। हालांकि, फिर दोनों पक्षों के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोबारा सदन शुरू हुआ और मेयर ने 45.26 लाख रुपए घाटे का बजट पेश किया।
संस्कारधानी के साथ बनाएंगे महिलाओं को आत्मनिर्भर
संस्कारधानी कहे जाने वाले राजनांदगांव के सौंदर्यीकरण करने के साथ कला और कर्म से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की पहल दाई-दीदी बाजार की स्थापना से की जा रही है। इसमें फ्लाई ओवर के नीचे बाजार का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट में 75 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पुराने गंज मंडी के पास स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल पर महिला समृद्धि बाजार का निर्माण किया जाएगा।
साभार : भास्कर डॉट कॉम